पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत का जश्न प्रतापगढ़ में भी मनाया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के सूरजपोल स्थित गांधी चौराहे पर एकत्रित होकर आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया। इस विजय उत्सव का नेतृत्व प्रदेश के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा और भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत ने किया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और देशवासियों के उनके प्रति अटूट विश्वास का परिणाम है। भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत ने पार्टी के मुख्य ध्येय 'अंत्योदय' के बारे में बताया। जिला मीडिया प्रभारी गोपाल धाभाई ने बताया कि जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस दौरान पूर्व जिला महामंत्री गजेंद्र चंडालिया, मंडल अध्यक्ष उत्सव जैन सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।