छठ महापर्व, त्योहारी सीजन और दक्षिण भारत में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उदयपुर से देश के कई प्रमुख शहरों के लिए नई ट्रेनें शुरू करने की योजना है। जोनल रेलवे कमेटी के सदस्य ओम पालीवाल के अनुसार, रेलवे इन रूटों पर ट्रेनों के संचालन पर विचार कर रहा है। हालांकि, अभी रेलवे मुख्यालय की मंजूरी है। प्रस्ताव मंजूर होने पर उदयपुरवासियों के साथ पर्यटकों को भी राहत मिलेगी। छठ पर्व पर बिहार के लिए तीन ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव छठ पूजा के मद्देनजर बिहार के लिए तीन प्रमुख ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव है। इन ट्रेनों को पिछली बार भी चलाया गया था। प्रस्ताव के अनुसार, उदयपुर से आसनसोल, समस्तीपुर और पटना के बीच ट्रेनें चलाई जा सकती हैं। इनके संचालन से त्योहारी सीजन में बिहार जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने और सफर आसान होने की उम्मीद है। मुंबई व बेंगलुरु की भी उम्मीद उदयपुर और दक्षिण भारत के राज्यों, विशेषकर महाराष्ट्र और कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बीच व्यापार, शिक्षा और पारिवारिक कारणों से बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं। इसे देखते हुए उदयपुर से मुंबई (वाया अहमदाबाद) और बेंगलुरु के बीच भी ट्रेन चलाने की मांग है। इन मार्गों पर नियमित ट्रेनों के संचालन से स्थानीय नागरिकों के साथ दक्षिण भारत से आने वाले पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी। गर्मियों में जम्मूतवी ट्रेन की मांग उदयपुर-जम्मूतवी ट्रेन हर साल गर्मियों में समर स्पेशल के रूप में संचालित होती रही है, लेकिन इस बार यह सेवा अब तक शुरू नहीं हो सकी है। यात्रियों और पर्यटन प्रेमियों की मांग है कि आगामी फेस्टिव सीजन में इस ट्रेन का संचालन किया जाए। इससे माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को लाभ मिल सकेगा। रेलवे मुख्यालय से मंजूरी मिलने के बाद इन ट्रेनों के संचालन की आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है।