भास्कर न्यूज | ब्यावर ग्राम श्यामगढ़ स्थित पंचायत भवन परिसर में पूर्व सैनिकों के लिए समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के कई पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। उन्होंने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के अधिकारियों ने सैनिकों को सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। कार्यक्रम में जिला सैनिक अधिकारी ब्यावर सेवानिवृत कर्नल मानवेंद्र सिंह, सेवानिवृत सूबेदार तिलोक काठात, सेवानिवृत हवलदार नारायण सिंह मौजूद रहे। कर्नल मानवेंद्र सिंह ने पूर्व सैनिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने त्वरित निवारण के निर्देश दिए। शिविर का मुख्य लक्ष्य जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की संचालित योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा। लक्ष्य सैनिकों की पेंशन, स्वास्थ्य व अन्य प्रशासनिक समस्याओं का समाधान करना भी रहा। ग्राम पंचायत बराखन में 28 को शिविर लगेगा पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की समस्याओं के समाधान हेतु जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ब्यावर की ओर से 28 अप्रैल, मंगलवार को ग्राम पंचायत बराखन में समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल मानवेंद्र सिंह और उनका स्टाफ पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की समस्याएं सुनेंगे। पूर्व सैनिकों के हित में चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।