नागौर| बी.आर. मिर्धा राजकीय महाविद्यालय, नागौर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) कार्यक्रम अधिकारी प्रो. बबीता बिश्नोई का चयन पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर-2026 में राजस्थान दल की कंटिंजेंट लीडर के रूप में किया गया है। प्राचार्य प्रो. डॉ. हरसुख राम छरंग ने बताया कि प्रो. बिश्नोई शिविर में राजस्थान के एनएसएस स्वयंसेवकों के दल का नेतृत्व करेंगी तथा उनके समन्वय और मार्गदर्शन की जिम्मेदारी निभाएंगी। एनएसएस जिला समन्वयक डॉ. भूपेश बाज्या ने बताया कि शिविर में राजस्थान दल के 59 सदस्य शामिल होंगे। इसमें 29 एनएसएस स्वयंसेवक और 30 एनएसएस स्वयंसेविकाएं होंगी। शिविर का आयोजन 22 से 31 अक्टूबर 2026 तक द्रोणाचार्य कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, खेंटावास, गुरुग्राम (हरियाणा) में किया जाएगा। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के एनसीसी प्रभारी मेजर प्रेमसिंह बुगासरा, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुलोचना शर्मा सहित महाविद्यालय परिवार ने प्रो. बबीता बिश्नोई को बधाई दी।