कलेक्टर ने ली बैठक चित्तौड़गढ़ | जिला परिषद के डीआरडीए हॉल में जिला स्तरीय विभागीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। कलेक्टर मंजू ने विभिन्न विभागों की योजनाओं, प्रगति और आगे की कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने आमजन से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने, समयबद्ध काम पूरा करने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने पेयजल और बिजली आपूर्ति समय पर बनाए रखने को कहा। उन्होंने किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी नहीं आने देने के निर्देश दिए। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को पात्र नए परिवारों को एनएफएसए का लाभ देने, गेहूं खरीद व्यवस्था दुरुस्त रखने और घरेलू गैस आपूर्ति में बाधा नहीं आने देने को कहा गया। ऊर्जा विभाग को बरसात से पहले बिजली लाइनों के रखरखाव और मरम्मत कार्य समय रहते पूरा करने, निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और अनावश्यक कटौती से बचने के निर्देश दिए गए। पीएचईडी को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, पेयजल समस्याओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और ग्रामीण शिकायतों का त्वरित समाधान करने को कहा गया। जल जीवन मिशन और अमृत योजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। बैठक में शिक्षा गुणवत्ता सुधार, सड़क निर्माण, आवास योजनाओं, स्वच्छता, उद्योग और अन्य विभागीय कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में एडीएम प्रभा गौतम, सीईओ विनय पाठक और एडीएम रामचंद्र खटीक सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।