भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर स्कूल व्याख्याताओं की काउंसलिंग प्रक्रिया में राज्य के सभी जिलों में रिक्त पदों सहित उप प्राचार्य के 11 हजार 838 पदों को भी रिक्त मानकर शामिल करने की मांग की गई है। माध्यमिक शिक्षा विभाग में 13 अप्रैल को पदोन्नत हुए राज्य के 11 हजार 776 से अधिक व्याख्याताओं, शारीरिक शिक्षकों, और पुस्तकालयाध्यक्षों के पदस्थापन की उलटी गिनती शुरू हो गई है। शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने मंगलवार को इन चयनित कार्मिकों की ऑनलाइन काउंसलिंग और पदस्थापन का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह पूरी प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। शाला दर्पण पोस्टिंग मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से होने वाली इस ऑनलाइन काउंसलिंग के बाद 12 मई को अंतिम पदस्थापन आदेश जारी कर दिए जाएंगे। इस प्रक्रिया में विभिन्न चयन वर्षों के करीब 11,776 प्राध्यापक, 105 विशेष शिक्षा प्राध्यापक, और पुस्तकालयाध्यक्ष सहित अन्य कार्मिक शामिल हैं। अगर इन पदों को काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया तो मजबूरन शिक्षकों को गृह और वर्तमान स्थान छोड़ना पड़ेगा। इस संबंध में शिक्षक संघ एलीमेंट्री सेकेंडरी टीचर एसोसिएशन (रेसटा) राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने शिक्षा मंत्री और निदेशक, माध्यमिक शिक्षा को मांग पत्र प्रेषित किया है। विभाग की ओर से जारी टाइमलाइन के अनुसार अस्थायी सूची जारी कर दी गई है। शुक्रवार को रात 12 बजे तक प्रकाशित अस्थायी वरीयता सूची पर आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि रही।