बीसलपुर परियोजना के तहत नहरों के जीर्णोद्धार और सिंचाई सुविधाओं के विकास कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए जल संसाधन विभाग की गुण नियंत्रण इकाई की टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों की पालना सुनिश्चित करने और कार्य निर्धारित समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। निरीक्षण दल में शामिल मुख्य अभियंता जितेंद्र दीक्षित, अधीक्षण अभियंता प्रहलाद खोईवाल, अधिशासी अभियंता हेमंत मीणा और सहायक अभियंता चावला आदि ने टोडारायसिंह तहसील क्षेत्र में मोरभाटियान माइनर के जीर्णोद्धार कार्य का अवलोकन किया। यह कार्य बजट घोषणा के तहत बीसलपुर बांध की विभिन्न नहरों के जीर्णोद्धार के क्रम में करवाया जा रहा है। टीम ने राजमहल में निर्माणाधीन पंप हाउस का भी अवलोकन किया। अधिकारियों ने दोनों कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिशासी अभियंता मनीष बंसल, सहायक अभियंता ब्रह्मानंद व जयदेव सोलंकी तथा कनिष्ठ अभियंता मुकेश, उमेश और शीना मौजूद रहे।