बारां| शहर में वार्ड 53 में मंगलवार शाम को ग्रेवल डालने की बात पर झगड़ा हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार वार्ड 53 में एक जगह पर एक पक्ष द्वारा सड़क पर ग्रेवल डलवाया जा रहा था। इसकी सूचना पर दूसरा पक्ष भी मौके पर पहुंच गया और ग्रेवल डालने को लेकर ऐतराज जताया। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने पत्थर फेंक दिया। जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को पकड़कर थाने ले गई। सूचना मिलने पर दोनों पक्षों के लोग कोतवाली थाने पर एकत्र हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों में आपसी समझाइश होने पर मामला शांत हो गया। कोतवाली सीआई हीरालाल पूनियां ने बताया कि दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। दोनों आपस में मिलने वाले है। थाने पर दोनों पक्षों में आपसी रुप से समझौता हो गया है।