नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए हुए मतदान के बाद अब सोमवार को मतगणना के साथ प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। धौलपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। मतगणना को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश राव की देखरेख में मतगणना केंद्र पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है। नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए हुए मतदान में 70,350 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। अब इन मतों की गिनती के साथ यह भी साफ हो जाएगा कि शहर की सरकार की कमान किस दल या गठजोड़ के हाथ में जाएगी। 8 राउंड में होगी 60 वार्डों की मतगणना... अधिकारियों के अनुसार सभी वार्डों की मतगणना कुल 8 राउंड में पूरी कराई जाएगी। प्रत्येक राउंड में 8 टेबल पर मतों की गिनती होगी। मतगणना प्रक्रिया को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पूरा कराने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मतगणना केंद्र पर प्रत्याशियों के काउंटिंग एजेंटों का प्रवेश सुबह 7:30 बजे से शुरू होगा। 8 बजे से काउंटिंग शुरू कर दी जाएगी। एजेंटों के प्रवेश के लिए आवश्यक कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। मतगणना के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न हो, इसके लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज और उसके आसपास कड़ा सुरक्षा घेरा रहेगा। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से मतगणना केंद्र के आसपास लगातार निगरानी रखी जाएगी। मतगणना को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में काउंटिंग सुपरवाइजर और काउंटिंग सहायकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में धौलपुर रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के सीलिंग प्रभारी और सीलिंग सहायकों को भी शामिल किया गया। प्रशिक्षण में बताया कि मतगणना के दौरान अभ्यर्थी, निर्वाचन एजेंट और गणन अभिकर्ताओं के समक्ष कंट्रोल यूनिट की सीलिंग कैसे खोली जाएगी। कंट्रोल यूनिट में लगे एड्रेस टैग, स्ट्रिप सील और पिंक पेपर सील को दिखाकर पीठासीन अधिकारियों द्वारा भरे गए प्रपत्रों से मिलान किया जाएगा और फिर डिस्प्ले खंड पर प्रत्येक अभ्यर्थी को प्राप्त मतों को काउंटिंग एजेंट के समक्ष प्रदर्शित किया जाएगा। रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के स्टाफ को कंट्रोल यूनिट से डीएमएम निकालकर सील करने और बैटरी निकालकर सीयू जमा करने की प्रक्रिया भी पीपीटी और सीयू के माध्यम से बताई गई। पोस्टल बैलेट की गिनती पहले... प्रशिक्षण में बताया गया कि कंट्रोल यूनिट से गिनती शुरू करने से पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जाएगी। पोस्टल बैलेट टेबल पर अभ्यर्थियों के समक्ष पहले लिफाफे को खोलकर घोषणा पत्र की जांच करने के बाद ही मतपत्र लिफाफा खोला जाएगा। जीत के बाद भी नहीं निकाल सकेंगे विजय जुलूस... उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश राव ने बताया कि मतगणना पूरी होने के बाद विजेता प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने प्रत्याशियों और समर्थकों से अपील की है कि परिणाम आने के बाद किसी तरह का ऐसा प्रदर्शन न करें, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।