वैर कस्बे में रिहायशी इलाके के बीच बिना वैध अनुमति चल रही एक निजी गैस एजेंसी पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 282 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए हैं। जबकि एजेंसी के पास महज 18-20 कनेक्शन थे। हलैना रोड स्थित भदौरिया गैस एजेंसी नाम से संचालित एजेंसी इंदिरा गैस के नाम पर बाजार में सिलेंडर सप्लाई कर रही थी, लेकिन जांच में सामने आया कि एजेंसी के पास विस्फोटक लाइसेंस नहीं था। इतना ही नहीं, संचालन से जुड़े लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, भंडारण अनुमति, एनओसी और अन्य जरूरी दस्तावेज भी मौके पर उपलब्ध नहीं मिले। प्रशासन ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए कार्रवाई की है। सूत्रों के अनुसार, एजेंसी लंबे समय से अवैध रूप से संचालन कर रही थी और आसपास के लोगों ने भी इसकी शिकायत की थी। अब एजेंसी संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी है। कार्रवाई एसडीएम गंगाधर मीणा को मिली सूचना के बाद की गई। उन्होंने मामले को गंभीर मानते हुए प्रवर्तन अधिकारी सरोज विश्नोई के निर्देशन में टीम को मौके पर भेजा। इसके बाद प्रवर्तन अधिकारी प्रदीप कुमार और प्रवर्तन निरीक्षक गुरुदीप सिंह की मौजूदगी में एजेंसी पर दबिश दी गई। भास्कर पड़ताल - कनेक्शनधारकों को सब्सिडी के लिए अधिकृत नहीं थी एजेंसी‎ जांच टीम ने मौके पर एजेंसी संचालक मुकेश कुमार सैनी से सभी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई भी अधिकृत कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद परिसर की तलाशी ली गई, जहां 270 खाली और 12 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर मिले। कार्रवाई के बाद इन सिलेंडरों को सुरक्षा की दृष्टि से इंडेन गैस प्रबंधन के सुपुर्द कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि यह एजेंसी इंदिरा गैस प्राइवेट लिमिटेड के नाम से काम कर रही थी, लेकिन इसका आईओसीएल, बीपीसीएल या एचपीसीएल जैसी सरकारी तेल कंपनियों से कोई अधिकृत संबंध नहीं मिला। अधिकारियों के अनुसार, यह एक निजी गैस सप्लाई नेटवर्क की तरह संचालित हो रही थी। एक किग्रा से अधिक वजन के निकले सिलेंडर अफसरों के अनुसार एजेंसी ने 2024 के अंत में काम शुरू किया । जांच के दौरान सबसे गंभीर तथ्य यह मिला कि इंदिरा गैस सिलेंडरों की कैलोरीफिक वैल्यू सरकारी गैस सिलेंडरों की तुलना में कम थी। वहीं, वजन के दावे को लेकर भी संदेह है। जहां सामान्य घरेलू सरकारी एलपीजी सिलेंडर में 14.2 किलोग्राम गैस होती है, वहीं इस निजी सप्लाई में 15 किलोग्राम का दावा किया जा रहा था। मौके पर तैयार सूची में कई सिलेंडरों के सीरियल नंबर और टोटल वेट दर्ज किए गए। अधिकांश सिलेंडरों का कुल वजन 15 से 16 किलो के बीच नोट किया गया। 17 सिलेंडरों की सूची प्रशासन द्वारा जब्त किए गए सिलेंडरों में से 17 सिलेंडरों की सूची भास्कर को मिली। सूची के अनुसार सिलेंडर 004183T का वजन 15.8 किलो, 030259 का 15.8 किलो, 146276S का 15.5 किलो और 006002T का 15.0 किलो दर्ज मिला। वहीं 044322S का 15.6 किलो, 004367 का 16.4 किलो, 008879 का 16.0 किलो और 028280T का 15.7 किलो वजन पाया गया। अन्य सिलेंडरों में 034192S का 15.9 किलो, 120837 का 16.2 किलो और 033027S का खाली वजन 15.7 किलो दर्ज किया गया है।