भीलवाड़ा के चेची खेड़ा गांव के देवनारायण मंदिर में 6 सितंबर (रविवार) की रात हुई चोरी का रायला थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से पंखा, पीतल का त्रिशूल, नाग, चार घंटे और करीब 100 मीटर तांबे का तार बरामद किया है। रायला थाना प्रभारी घनश्याम मीणा ने बताया- रविवार रात चोर ने चेची खेड़ा स्थित देव नारायण मंदिर को निशाना बनाया था। पुजारी बालू राम ने 7 सितंबर (सोमवार) को रायला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया कि मंदिर से पूजा सामग्री सहित अन्य सामान चोरी हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। CCTV-मुखबिर की मदद से दबोचा प्रभारी घनश्याम मीणा ने बताया- पुलिस टीम ने CCTV फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र और पारंपरिक पुलिसिंग की मदद से वारदात का सुराग जुटाया। इसके बाद पुलिस जिले के रायपुर थाना इलाके के गांव खुटिया के रहने वाले किशन रंगा स्वामी ( 27 ) पुत्र बालूदास को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। चोरी किया गया माल भी पुलिस ने बरामद कर लिया। इसके अलावा वारदात में काम में ली गई बाइक भी जब्त की है। ये थे टीम में शामिल कार्रवाई करने वाली टीम मे गुलाबपुरा थाना प्रभारी घनश्याम मीणा, हेड कॉन्स्टेबल शीशराम, बनवारीलाल, कॉन्स्टेबल विक्रम, शैतान सिंह और श्याम सुंदर शामिल रहे।