सलूम्बर जिले के झल्लारा क्षेत्र स्थित महात्मा गांधी राजकीय स्कूल, खोलड़ी में बुधवार को SDRF सलूम्बर की ओर से एक विशेष आपदा जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का उद्देश्य मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए छात्रों, अभिभावकों और स्कूल स्टाफ को तैयार करना था। बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए, SDRF टीम ने जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियों में बचाव के तरीके समझाए। इसमें नदी-नालों में डूब रहे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने और लाइफ जैकेट के सही उपयोग का प्रदर्शन शामिल था। विशेषज्ञों ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को प्राथमिक सहायता देने, सर्पदंश की पहचान और उपचार, अचानक हार्ट अटैक आने पर सीपीआर (CPR) देने की वैज्ञानिक विधि तथा आग लगने की स्थिति में फायर एक्स्टिंग्विशर के सुरक्षित उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास कराया। कार्यक्रम के अंत में स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. गोविन्द सिंह शक्तावत ने कहा कि ऐसे व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।