चूरू जिले के राजलदेसर में पालिकाध्यक्ष गोपाल मारू ने बुधवार को वार्ड 32 और 33 का निरीक्षण किया। उन्होंने निचली बस्तियों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान खोजने के लिए मौके का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ अधिशाषी अधिकारी सीताराम मीणा और कनिष्ठ अभियंता विकास मीणा मौजूद थे। मारू ने अधिकारियों से जल निकासी का स्थायी समाधान निकालने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या का समाधान जल्द निकाला जाएगा। मारू ने बताया कि वे 100 दिवसीय कार्य योजना के तहत कस्बे को साफ-सुथरा बनाने के लिए टीम के साथ रोज निरीक्षण कर रहे हैं। पेयजल की कमी पर उन्होंने कहा कि आगे से पानी की सप्लाई कम मिल रही है। पेयजल की मात्रा बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इलाके में पानी, बिजली और सड़क से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा।