चूरू जिले की राजलदेसर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने एक थ्री-व्हीलर ई-रिक्शा से मादक पदार्थ जब्त किया और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। राजलदेसर पुलिस के अनुसार एजीटीएफ की सूचना पर एनएच 11 पर नाकाबंदी की गई थी। रतनगढ़ की ओर से आ रहे एक ई-रिक्शा ड्राइवर ने पुलिस टीम को देखकर वाहन भगाने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर ई-रिक्शा को रुकवाया। पूछताछ में ड्राइवर ने अपना नाम लाछड़सर निवासी भगवानाराम जाट (40) बताया। ई-रिक्शा की तलाशी लेने पर उसमें से 16 किलो 500 ग्राम डोडा पोस्त छिलका, 8 किलो 380 ग्राम गांजा और 384 गांजा पीने के काम आने वाले पेपर मिले। पुलिस ने नशीले पदार्थ और वाहन को जब्त कर आरोपी भगवानाराम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ राजलदेसर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच बीदासर थानाधिकारी कर रहे हैं।