शहर की शिव कॉलोनी से एक बैंक कर्मचारी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। युवक कमरे पर मोबाइल छोड़कर निकला था और उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से जयपुर के जगतपुरा (विवेक विहार) निवासी पवन अग्रवाल(36) पुत्र सत्यनारायण गुप्ता, बांसवाड़ा में राजस्थान ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय व्यावसायिक कार्यालय में कार्यरत हैं। वे यहां शिव कॉलोनी में अपने सहकर्मी विक्की कुमार गुप्ता के साथ किराए के कमरे पर रहते थे। ​विक्की कुमार ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच पवन कमरे से अचानक कहीं चले गए। काफी देर तक वापस नहीं आने पर जब उन्हें कॉल किया गया, तो पता चला कि वे अपना मोबाइल फोन कमरे पर ही छोड़ गए हैं। डूंगरपुर रोड़ की तरफ पैदल जाते हुए दिखाई दिए ​परिजनों और सहकर्मियों ने अपने स्तर पर पवन की काफी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें पवन डूंगरपुर रोड़ की तरफ पैदल जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वे कहां गए, इसका फिलहाल कोई पता नहीं चल सका है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस ​कोतवाली थाना पुलिस ने प्रार्थी विक्की कुमार गुप्ता की रिपोर्ट पर तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम अब डूंगरपुर रोड के आगे के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पवन के परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है ताकि उनके लापता होने के कारणों का पता लगाया जा सके। सीआई बुधाराम बिशनोई ने बताया कि डूंगरपुर में बैग लेकर जाते हुए सीसीटीवी में दिखाई दिए हैं। पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।