कोटा ग्रामीण पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान एक बेलेनो कार से 41 किलो 680 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया है। इस मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 6.25 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक बेलेनो कार भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी जोधपुर जिले के चेतन (32) निवासी बुचेटी और सुनील (25) निवासी सालवा कलां है। दोनों आरोपी लंबे समय से अंतर्राज्यीय स्तर पर मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त बताए जा रहे हैं। कोटा ग्रामीण पुलिस एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन रूट क्लियरेंस” के तहत यह कार्रवाई की गई। बपावर कलां थाना प्रभारी सुरेश मीणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। ड्राइवर ने कार भगाई तो पुलिस ने घेरकर पकड़ा एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि टीम ने 20 अप्रैल को सांगोद चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध बेलेनो कार को रुकवाने का प्रयास किया। कार ड्राइवर ने वाहन भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर खानपुरा तिराहे के पास वाहन को घेरकर रोक लिया। तलाशी लेने पर कार से भारी मात्रा में डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। लगातार चल रहे अभियान के तहत पुलिस आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रखेगी।