बांसवाड़ा में देर रात हुए सड़क हादसे में एक लड़के की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर घायल हो गए। हादसा देर रात 12:30 बजे दानपुर थाना क्षेत्र के कुंडल गांव में हुआ। ​जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 12:30 बजे डाबीपाड़ा कुंडल निवासी मुकेश पिता कालूराम, बंसी पिता गौतम और कृष्णा पिता सुखराम बाइक पर सवार होकर कुंडल से मकनपुरा रोड की ओर जा रहे थे। कुंडल गांव के पास पुलिया के समीप अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे बरसाती नाले में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। नाबालिग 9वीं कक्षा में पढ़ रहा था, ​अस्पताल में तोड़ा दम ​घायलों को तुरंत निजी वाहन की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान दौरान मुकेश (14) पुत्र कालूराम की मौत हो गई। मृतक मुकेश मोटरसाइकिल पर बीच मे बैठा हुआ था। मुकेश 9वीं क्लास का स्टूडेंट था। वहीं, हादसे में घायल कृष्णा और बंसी की हालत नाजुक होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है। परिजन घायलों को लेकर उदयपुर रवाना हो गए। ​पुलिस ने शुरू की जांच ​घटना की सूचना मिलने पर दानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हेड कॉन्स्टेबल कृष्णपाल सिंह ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल मॉर्च्युरी में शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। तीनों युवक एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।