नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर गंभीर सवाल उठाए। जूली ने कहा- राजस्थान में बढ़ते जंगलराज और अराजकता का आलम यह है कि सत्तारूढ़ भाजपा विधायक भी सुरक्षित नहीं हैं। जूली ने कहा- श्रीगंगानगर के विधायक जयदीप बिहाणी पर RUIDP के अधिकारियों द्वारा हमला किया गया है, जिससे उनके चोट लगी है। बिहाणी सत्ताधारी पार्टी के विधायक हैं, उनकी पिटाई दिनदहाड़े हो गई तो आम आदमी की तो बिसात क्या है? उसका तो सिर्फ ईश्वर ही सहारा है। जूली ने कहा- मुख्यमंत्री आम आदमी की न सही कम से कम अपने विधायक की सुरक्षा तो कर लें। बिजली तंत्र सुधार के नाम पर करोड़ों रुपए डकार लिए : जूली जूली ने बिजली तंत्र में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। जूली ने कहा- बिजली विभाग ने बिजली तंत्र सुधार के नाम पर करोड़ों रुपए डकार लिए, फिर भी आमजन अंधेरे में जीने को मजबूर हैं। जहां तार बदलने और ट्रांसफार्मर सुधारने की सख्त जरूरत थी, वहां काम तक नहीं कराया गया। 6 करोड़ रुपए खर्च करने के दावे किए गए, लेकिन हकीकत यह है कि दिन में 10–10 बार बिजली कटौती हो रही है। बिजली विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर जूली ने कहा- अलवर में बिजली का काम करते हुए संविदाकर्मी राजेश कुमार की मौत होना गंभीर मामला है। अलवर में मेंटेनेंस का काम एक कंपनी के पास है, जबकि काम किसी दूसरी कंपनी से कराया जा रहा है। दोनों कंपनियां परिवारजनों को आर्थिक सहायता देने की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल रही हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। बिजली विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। इन घोटालों में कौन-कौन शामिल हैं? क्या इन दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी?