सड़क किनारे बैठी महिला को तेज रफ्तार बोलेरो चपेट में ले लिया। महिला कार के निचले हिस्से में फंस गई। ड्राइवर 100 फीट तक महिला को घसीटते हुए ले गया। महिला लहूलुहान हो गई। गंभीर हालत में उसे हॉस्पिटल ले जाया गया। घटना बांसवाड़ा जिले के सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के टांडा मंगला गांव में मंगलवार दोपहर 1.30 बजे हुई। सज्जनगढ़ थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया- हादसे में टांडा मंगला निवासी पुष्पा पत्नी मनुलाल गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल का मुआयना किया। हादसे को लेकर अभी तक परिजन ने रिपोर्ट नहीं दी है। भतीजा बोला- सड़क किनारे बैठी थी पीड़ित महिला पुष्पा देवी के भतीजे अर्पित लबाना ने बताया- पुष्पा देवी की दिगामी हालत स्थिर नहीं है। वे दोपहर में रोड किनारे बैठी थीं। इसी दौरान बोलेरो कार ने उन्हें पीछे से चपेट में लिया और घसीटते हुए ले गई। टायर घिसने की तेज आवाज सुनकर ग्रामीण सड़क की तरफ दौड़े। पुष्पा देवी गंभीर हालत में सड़क पर पड़ी तड़प रही थीं। मौके पर काफी लोग जमा हो गए। एक घंटे तक वे कराहती रही। उल्टियां करती रहीं लेकिन कोई भी हॉस्पिटल ले जाने के लिए आगे नहीं आया। बाद में परिजन के पहुंचने पर सज्जनगढ़ सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद बांसवाड़ा रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर ​हादसे में महिला के पैरों, कमर और दोनों कंधों पर गंभीर चोटें आई हैं। बोलेरो का टायर महिला के शरीर के ऊपर से गुजर गया।