बांसवाड़ा में लूट के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार आरोपी मनीष पटेल को गिरफ्तार किया है। 8 मार्च 2026 को बागीदौरा मोड़ के पास वारदात हुई थी, जिसमें कार किराए पर लेकर चालक से मारपीट कर चेन और मोबाइल लूटे गए थे। पुलिस ने तकनीकी इनपुट और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ा और वारदात में इस्तेमाल कार जब्त की। किराए की कार लेकर सुनसान जगह पर वारदात सज्जनगढ़ निवासी राकेश पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 मार्च को बदमाशों ने उसकी ईको कार किराए पर ली। बागीदौरा मोड़ के पास सुनसान जगह पर उसे रोककर मारपीट की और चांदी की चेन, मोबाइल व अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। आरोपी पहले से एक अन्य कार लेकर मौके पर मौजूद थे। तकनीकी इनपुट और मुखबिर से गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह भाटी के सुपरविजन में टीम बनाई गई। कलिंजरा थानाधिकारी योगेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी मनीष (21) पुत्र छगनलाल पटेल निवासी चनावला को गिरफ्तार किया। वारदात में इस्तेमाल कार जब्त पुलिस ने कार्रवाई के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। टीम के ये सदस्य रहे शामिल कार्रवाई में एसआई गोपालसिंह मीणा, एएसआई लोकेंद्रसिंह, हेड कांस्टेबल रमणलाल, कांस्टेबल भरत और संजयपाल सिंह की भूमिका रही। तीन आरोपी अभी फरार, तलाश जारी पुलिस के अनुसार इस वारदात में शामिल राहुल, धनु और सागर अभी फरार हैं। उनके गुजरात की ओर भागने की आशंका है और पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।