राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचपीसीएल रिफाइनरी का दौरा करेंगे। ये दौरा रिफाइनरी में भीषण आग लगने की घटना के बाद हो रहा है, जिसके कारण इसका लोकार्पण कार्यक्रम रद्द करना पड़ा था। इस महत्वाकांक्षी रिफाइनरी का उद्घाटन 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित था। लोकार्पण से ठीक एक दिन पहले रिफाइनरी में भीषण आग लग गई, जिसके कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मौके पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा करेंगे। वे घटना के कारणों की जानकारी लेंगे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। मुख्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम सुबह 11 बजे जयपुर से हेलीकॉप्टर से शुरू होगा। वे दोपहर 12 बजे उतरलाई एयरपोर्ट पहुंचेंगे और फिर 12:35 बजे पचपदरा रिफाइनरी जाएंगे। दोपहर 12:35 से 2:35 बजे तक वे रिफाइनरी का दौरा करेंगे, जिसमें आग लगने वाले स्थल का निरीक्षण शामिल है। इस दौरान वे एचपीसीएल और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मामले की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आग लगने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। इस दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।