अलवर शहर में लगातार दूसरे दिन गोवंश के अवशेष और मृत गोवंश मिलने से हिंदू संगठनों में आक्रोश बढ़ गया। सोमवार रात ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के पास गोवंश के अवशेष मिलने पर गोभक्तों ने जेल चौराहे पर प्रदर्शन किया था। वहीं मंगलवार रात अग्यारा बांध क्षेत्र में खुले में मृत गोवंश मिलने की सूचना पर कमिश्नर मौके पर पहुंचे और गोवंश को सम्मानपूर्वक दफनाया। बजरंग दल के प्रतिनिधि प्रेम राजावत ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता देर रात अग्यारा बांध पहुंच गए। वहां काफी गोवंश के अवशेष पड़े थे। यहां मृत गोवंश को पटक दिया जाता है। सूचना पर नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंची। कमिश्नर से मिले प्रतिनिधि: 'खुले में फेंकने पर लगे रोक' बुधवार को विहिप और बजरंग दल के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम कमिश्नर से मुलाकात कर मांग की कि भविष्य में किसी भी मृत पशु को खुले में न फेंका जाए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत दफनाया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कई बार पशुपालक अपने मृत पशुओं को सड़क किनारे फेंक देते हैं, जिससे अनावश्यक तनाव पैदा होता है। शहर के गोपालकों को पाबंद किया जाना चाहिए कि वे अपने पशुओं को आवारा न छोड़ें। साथ ही, क्षमता से अधिक पशु रखने वालों पर भी कार्रवाई हो। सफाईकर्मियों को अलर्ट रहने के निर्देश, सिटी मजिस्ट्रेट से मिलेंगे कल संगठनों ने मांग की है कि नगर निगम के सफाईकर्मियों को विशेष रूप से अलर्ट रखा जाए। यदि कहीं भी गोवंश के अवशेष मिलते हैं, तो तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचित किया जाए ताकि शहर का माहौल खराब न हो। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने सिटी सीओ अंगद शर्मा से भी मुलाकात की, जिन्होंने पुलिस प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। मामले को लेकर गुरुवार को विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपेंगे। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान विहिप जिलाध्यक्ष रामदयाल मीणा, जिला मंत्री विजेंद्र खंडेलवाल, कुलदीप जायसवाल, गोलू बॉक्सर, हेमंत मीणा, गुड्डू और विपिन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।