राजस्थान के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन एडहॉक कमेटी ने राज्य के सभी उम्र के पुरुष और महिला खिलाड़ियों के TA-DA (ट्रैवल अलाउंस और डेली अलाउंस) में 100% बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। यह फैसला इसी सीजन से लागू किया जाएगा। इसके साथ घरेलू क्रिकेट के फॉर्मेट में भी बदलाव किया गया है। आरसीए एडहॉक कमेटी के सदस्य अरिष्ट सिंघवी ने बताया- यह फैसला संयोजक डॉ मोहित जसवंत यादव समेत कमेटी के सभी सदस्यों धनंजय सिंह खींवसर, आशीष तिवाड़ी, अर्जुन मेघवाल की सर्वसम्मति से लिया गया है। इस फैसले का उद्देश्य राज्य के युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना है। उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जिससे वे खेल में और बेहतर प्रदर्शन कर सकें। घरेलू क्रिकेट के फॉर्मेट में बदलाव किए गए सिंघवी ने बताया- आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र 2026-27 के लिए प्रतियोगिताओं के फॉर्मेट में भी बड़े बदलाव किए हैं। इससे खिलाड़ियों को ज्यादा अवसर और बेहतर एक्सपोजर मिल सके। इसके तहत राज्य स्तरीय सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में अब लीग मैच T20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे। वहीं, नॉकआउट मुकाबले एक दिवसीय (वनडे) फॉर्मेट में होंगे। पहले पूरा टूर्नामेंट T20 फॉर्मेट में आयोजित होता था, लेकिन अब नॉकआउट में लंबा फॉर्मेट रखने से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मौका मिलेगा। अंडर-16 प्रतियोगिता को पूरी तरह मल्टी-डेज फॉर्मेट में खेलने का फैसला लिया गया है। इससे खिलाड़ियों में तकनीकी और लंबी पारी खेलने की क्षमता विकसित होगी। अंडर-14 प्रतियोगिता को हाइब्रिड फॉर्मेट में आयोजित किया जाएगा। इसमें लीग मैच एकदिवसीय होंगे, जबकि नॉकआउट मुकाबले मल्टी-डे फॉर्मेट में खेले जाएंगे। जिला क्रिकेट संघों की भागीदारी बढ़ेगी उन्होंने बताया कि आरसीए एडहॉक कमेटी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में जिला क्रिकेट संघों की भागीदारी बढ़ाने का भी फैसला लिया है। अब तक जहां प्रतियोगिताएं एक या दो जिलों तक सीमित रहती थीं, वहीं अब उपलब्धता के अनुसार अलग - अलग जिला केंद्रों पर मैच आयोजित किए जाएंगे। इससे ग्रामीण और दूर-दराज के खिलाड़ियों को भी अपने ही क्षेत्र में खेलने का अवसर मिलेगा। साथ ही नए खिलाड़ियों को आगे आने का मजबूत प्लेटफॉर्म मिलेगा।