कोटपूतली के बामनवास रोड पर भैरुवाली मंदिर के पास स्थित एक दूध डेयरी में मंगलवार दोपहर भीषण आग लग गई। घटना में 9 भैंस और 6 अन्य मवेशियों की मौत हो गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। डेयरी मालिक रमेश पुत्र शिवपाल ने बताया- खेत में बनी पशुओं की डेयरी में अचानक आग की लपटें तेजी से फैल गईं। घटना के समय 15 से अधिक जानवर परिसर में मौजूद थे। आग की चपेट में आने से 9 भैंसें और 6 अन्य मवेशी मारे गए। इसके अलावा, 350 मन पशु चारा, गेहूं की 10 बोरी, सरसों की 25 बोरी, एक थ्रेसर मशीन, मिनी फव्वारा, कुट्टी काटने की मशीन, घरेलू सामान और कुछ नकदी सहित लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कोटपूतली नगर परिषद से दो दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।