बांसवाड़ा के पाटन थाना क्षेत्र में मौताणा मांगने के लिए शव का अपमान करने, पुलिस टीम को धमकी देने और राजकार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 16 नामजद और 20 अन्य सहित कुल 36 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) और राजस्थान मृत शरीर का सम्मान अधिनियम 2023 के तहत दर्ज किया गया है। कीटनाशक पीने के बाद इलाज के दौरान हुई मौत पुलिस के अनुसार 30 जून 2026 को राजापुरा निवासी धुलजी पिता मानसिंग डामोर ने पाटन थाने में रिपोर्ट दी। उन्होंने बताया कि उनके भतीजे पारसिंग अपनी पत्नी को लेने ससुराल सातलिया गया था। वहां किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने कीटनाशक पी लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव ससुराल के बाहर रखकर मांगे 15 लाख रुपए पारसिंग का पोस्टमार्टम कराने के बाद 1 जुलाई को पुलिस टीम शव लेकर परिजनों के पास पहुंची। परिजनों और रिश्तेदारों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इसके बाद वे शव लेकर मृतक की पत्नी के पिता नाथू आमलिया निवासी सातलिया के घर पहुंचे। वहां शव रखकर 15 लाख रुपए मौताणा मांगने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने पुलिस से कहा कि 15 लाख रुपए दिलाओ, नहीं तो लाश यहीं जला देंगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पाटन थानाधिकारी सुरजमल खराडी अतिरिक्त पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात तक समझाइश की गई, लेकिन परिजन नहीं माने। बाद में वे शव वहीं छोड़कर अपने गांव राजापुरा चले गए। इसके बाद संक्रमण फैलने से रोकने और मृत शरीर का सम्मान बनाए रखने के लिए पुलिस ने सरकारी वाहन से शव को महात्मा गांधी हॉस्पिटल (एमजीएच) बांसवाड़ा की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया। 50 हजार लेकर लिखावट दी, 5 दिन में 15 लाख दिलाने का दबाव बनाया पुलिस के अनुसार अगले दिन आरोपियों ने 50 हजार रुपए लेकर मौताणा की लिखावट तैयार की और थाना प्रभारी को दी। साथ ही 5 दिन के अंदर 15 लाख रुपए दिलाने का दबाव भी बनाया। पुलिस ने शव का अपमान करने, राजकार्य में बाधा डालने, पुलिस को धमकी देने और भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा राजस्थान मृत शरीर का सम्मान अधिनियम 2023 के तहत मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में धुलजी पिता मानसिंग डामोर निवासी राजापुरा, भावचंद पिता शंकर चारेल निवासी आगलियापाडा, थाना थांदला (मध्य प्रदेश), भूरा पिता मानसिंग डामोर निवासी आगलियापाडा, थाना थांदला (मध्य प्रदेश), परवेश पिता जीदन चारेल निवासी ओडवा, भारत डामोर पिता लखमा डामोर निवासी खानापाडा, भेरू वसुनिया पिता भुरा वसुनिया निवासी खारचीया धोलका बस्सी, अंजू पिता धुलजी डामोर निवासी राजापुरा, राजू पिता प्रकाश डामोर निवासी राजापुरा, दिवान पिता हालिया डामोर निवासी राजापुरा, भोलू पिता मांगु डामोर निवासी राजापुरा, सवजी पिता नारजी डामोर निवासी राजापुरा, दशरथ पिता मोगजी डामोर निवासी राजापुरा, मेगु पिता मलसिंग डामोर निवासी राजापुरा, सुभाष पिता जीवणा उर्फ जीवनलाल चारेल निवासी ओडवा, रेजु पिता बादरू चारेल निवासी अन्दोक भवरदा, सोहन पिता पुना चारेल निवासी अन्दोक भवरदा और 20 अन्य शामिल हैं।