बताशे और मखाने बनाने वाली शुगर फैक्ट्री में अफीम का दूध पाया गया। वहीं खेत के पशुबाड़े में छुपाकर रखी गई 22 किलो से ज्यादा डोडा-पोस्त की खेप बरामद हुई। नशे का यह कारोबार बालोतरा जिले की सिणधरी और बालोतरा पुलिस ने पकड़ा। कार्रवाई ऑपरेशन विषभंजन के तहत की गई। अलग-अलग कार्रवाई में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी बोले- एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई एसपी रमेश ने बताया- सिणधरी पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली कि गुगडवालों की ढाणी बांडानाडा में एक खेत में बने पशु बाड़े में अवैध नशा छुपाया गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने खेत में बने पशुबाड़े की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी दीपाराम पुत्र धुड़ाराम के खेत के पशुबाड़े में छिपाकर रखा 22 किलो 500 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया गया। आरोपी दीपाराम को डिटेन कर पूछताछ की गई। आरोपी के खिलाफ सिणधरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार किया गया। बालोतरा में मिली 99 ग्राम अफीम वहीं बालोतरा थाना पुलिस को एक शुगर फैक्ट्री में नशे की खेप छुपाए जाने की सूचना मिली। इस पर एसआई बाबूलाल टीम के साथ बालोतरा में महादेव कॉलोनी में एक शुगर फैक्ट्री (मखाना फैक्ट्री) पहुंचे और दबिश दी। यहां आरोपी केवलचंद पुत्र खुबाराम के कब्जे से 99 ग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद किया गया। आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया। बालोतरा थाने में आरोपी केवचलंद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। एसपी ने बताया - जिले में मादक पदार्थ तस्करी रोकने के लिए ऑपरेशन विषभंजन चलाय जा रहा है। एएसपी हरफूलसिंह, सिवाना डीएसपी देरावरसिंह के सुपरविजन में सिणधरी थानाधिकारी विशाल कुमार और बालोतरा थानाधिकारी हिंगलाजदान के नेतृत्व में टीमों ने कार्रवाई की।