कोटपूतली और आसपास के गांवों में सोमवार शाम को धूल भरी आंधी ने शादी समारोहों में भारी व्यवधान डाला। अबूझ सावे पर हो रहे विवाह आयोजनों में अचानक मौसम बदलने से अफरा-तफरी मच गई और लाखों रुपए का नुकसान हुआ। शाम करीब 6:30 बजे क्षेत्र में अचानक तेज धूल भरी आंधी शुरू हो गई। इससे कई स्थानों पर टेंट व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। तेज हवाओं के कारण टेंट के कपड़े फट गए, गद्दे भीग गए और लोहे के पाइप और फ्रेम मुड़ गए। फेमस फोटो स्टूडियो के मालिक शंकर लाल यादव ने बताया- आंधी से एलईडी स्क्रीन गिरने से नुकसान हुआ। मान्यवाली निवासी टेंट व्यवसायी महावीर यादव ने बताया- उनके टेंट का कपड़ा फट गया, गद्दे भीग गए और कई लोहे के पाइप व ट्रस्ट (फ्रेम) मुड़ गए। हलवाई दिलीप सिंह ने बताया कि शादियों में गैस सिलेंडर की कमी के कारण लकड़ी की भट्टियों पर खाना बनाया जा रहा था। आंधी के कारण काम रोकना पड़ा, जिससे भोजन तैयार करने में काफी परेशानी हुई। खुले में खाना बनाना भी मुश्किल हो गया। विपिन खातोदीया ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके बेटे की शादी के दौरान 'भात भरने' की रस्म चल रही थी, तभी अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। इस दौरान सभी लोग सुरक्षित रूप से मकान के अंदर चले गए, हालांकि तेज हवाओं के कारण टेंट का प्रवेशद्वार गिर गया।