कोटा में आज इंजीनियर्स ने काली पट्टी बांधकर काम किया। दरअसल, श्रीगंगानगर में आरयूआईडीपी इंजीनियर के साथ कथित मारपीट के बाद से प्रदेशभर के इंजीनियर्स में आक्रोश व्याप्त है। मामले की निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग कलेक्टर को ज्ञापन दिया गया। मामले को दबाने का लगाया आरोप राजस्थान कौन्सिल ऑफ डिप्लोमा इंजीनियर्स के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डीपी चौधरी ने बताया कि गंगानगर में इंजीनियर जगलाल बैरवा के साथ हुई घटना न सिर्फ इंजीनियर्स के साथ अन्याय है बल्कि इंजीनियर्स के सम्मान और सुरक्षा पर सीधा आघात है। घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद अब तक संबंधित आरोपियों और स्थानीय विधायक के खिलाफ पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, जो प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। पीड़ित इंजीनियर की मेडिकल जांच नहीं कराए जाने को लेकर भी नाराजगी जताई। श्रीगंगानगर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन की चेतावनी कोटा के 400 डिग्री व डिप्लोमा इंजीनियर्स ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। चेतावनी दी कि दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होने पर इंजीनियर्स श्रीगंगानगर कलेक्ट्रेट में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। यह केवल इंजीनियर का संघर्ष नहीं बल्कि न्याय सम्मान और अधिकारों की रक्षा का आंदोलन है। जब तक न्याय नहीं मिलेगा तब तक संघर्ष जारी रहेगा। आंदोलन में PHED, WRD, PWD, पंचायती राज, नगर निकाय, JVVNL के इंजीनियर्स शामिल है।