राजस्थान में साल 2025-26 गार्गी पुरस्कार और बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार जीतने वाली कई बच्चियों को बैंक खाते की गलत जानकारी या खाता बंद होने के कारण पुरस्कार राशि नहीं मिल पाई है। जिसके लिए सरकार ने आवेदन अपडेट करने का एक और मौका दिया गया है। बालिका शिक्षा फाउंडेशन, जयपुर ने शाला दर्पण पोर्टल पर इसके लिए मॉड्यूल शुरू कर दिया है। संबंधित स्टूडेंस्ट 30 नवंबर तक अपने बैंक खाते की जानकारी सही करवा सकते हैं। स्कूल लॉगिन पर मिलेगी पात्र बालिकाओं की सूची फाउंडेशन के अनुसार, जिन बच्चियों को पुरस्कार राशि नहीं मिल पाई थी, उनकी सूची शाला दर्पण पोर्टल पर जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय और स्कूल लॉगिन पर उपलब्ध है। जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे राजकीय और निजी विद्यालयों के संस्था प्रधानों के जरिए संबंधित बालिकाओं के आवेदन तय समय सीमा में अपडेट करवाएं। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय में आवेदन अपडेट नहीं होने के कारण अगर जिले की कोई पात्र बालिका पुरस्कार राशि से वंचित रहती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी की होगी। ऐसे में विद्यालयों को सूची में शामिल बालिकाओं के बैंक खाते और जन-आधार से जुड़ी जानकारी का समय रहते सत्यापन करवाना होगा। रेसटा प्रदेशाध्यक्ष बोले- समय पर दिलाएं लाभ शिक्षक संघ एलीमेंट्री सेकेंडरी टीचर एसोसिएशन (रेसटा) राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने कहा- गार्गी और बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने वाली जरूरी योजनाएं हैं। बैंक खाते से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ियों के कारण जीतने वाली बालिकाओं को राशि नहीं मिलना ठीक नहीं है। विभागीय अधिकारियों और संस्था प्रधानों को 30 नवंबर से पहले सभी बचे हुए आवेदन अपडेट करवाने चाहिए, ताकि पुरस्कार राशि दी जा सके। बैंक खाते की गड़बड़ी से नहीं मिली थी राशि बालिका शिक्षा फाउंडेशन की सचिव उषा शर्मा की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, वर्ष 2025-26 में गार्गी और बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए पात्र बालिकाओं ने शाला दर्पण पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किए थे। इसके बाद पुरस्कार राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई, लेकिन जन-आधार से जुड़े बैंक खाते बंद होने, गलत बैंक विवरण सहित अन्य कारणों से कई बालिकाओं को राशि नहीं मिल सकी। अब ऐसी बालिकाएं अपने आवेदन में बैंक खाते की जानकारी अपडेट करवा सकती हैं। विवरण सही होने के बाद लंबित राशि संशोधित बैंक खातों में ट्रांसफर की जा सकेगी।