राजस्थान में गैस सिलेंडर की ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों ने 15 अगस्त तक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। ई-केवाईसी नहीं कराने पर इस डेट के बाद सिलेंडर की बुकिंग घरेलू रेट से बंद हो जाएगी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) और सामान्य घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं दोनों के लिए ई-केवाईसी जरूरी है। गैस एजेंसियों ने सभी उपभोक्ताओं को इसके लिए मैसेज भेजना शुरू कर दिया है। हालांकि ई-केवाईसी नहीं कराने वालों को ये सिलेंडर कितने रुपए में मिलेगा, यह अभी क्लियर नहीं हुआ है। राजस्थान के सभी शहरों में इस पर काम शुरू कर दिया गया है। हॉकर भी सिलेंडर की सप्लाई के साथ ई-केवाईसी कराने की जानकारी दे रहे हैं। उदयपुर में बाठेड़ा गैस एजेंसी के संचालक अमित भानावत ने कहा- जिन घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं ने अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं की है, वे जल्द इसे पूरा कर लें। नहीं तो उपभोक्ताओं को घरेलू रेट पर सिलेंडर नहीं मिल पाएगा। जल्द आएगी गाइडलाइन गैस एजेंसी के संचालक अमित भानावत ने कहा- अभी यह समझ नहीं आ रहा है कि ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं पर क्या असर होगा। उनका कहना है कि ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के लिए क्या कार्रवाई होगी, जल्द ही इसकी गाइडलाइन आ जाएगी। सभी उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी जरूरी गैस एजेंसी के संचालक के अनुसार- प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों और एलपीजी सब्सिडी (डीबीटीएल) लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी अनिवार्य है। अगर ई-केवाईसी नहीं कराते हैं तो उपभोक्ताओं को 15 अगस्त के बाद सब्सिडी पर सिलेंडर नहीं मिल पाएगा।