जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्राम विकास अधिकारियों के लिए वरिष्ठ ग्राम विकास अधिकारी के 750 नई पोस्ट की घोषणा की। साथ ही प्रमोशन के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री भजनलाल का राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ के बैनर तले अभिनंदन समारोह रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के 41 जिलों से सैकड़ों ग्राम विकास अधिकारी रविवार सुबह शामिल होने पहुंचे। मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा- गांव की तरक्की के ‘सारथी’ ग्राम विकास अधिकारी बने हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- ग्राम विकास अधिकारी ग्राम विकास की मुख्य धुरी हैं। वे कर्मयोगी की तरह कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा- वे खुद भी सरपंच रह चुके हैं, इसलिए ग्राम विकास अधिकारियों की भूमिका और महत्व को भली-भांति समझते हैं। ये अधिकारी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा- जिस राज्य के कर्मचारी संतुष्ट होते हैं, वह राज्य तेजी से विकास करता है। सरकार कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर उनकी जायज मांगों का शीघ्र समाधान करेगी। मुख्यमंत्री ने पदोन्नति से जुड़े न्यायिक व्यवधानों को दूर करने के प्रयासों की भी जानकारी दी। संघ ने जताया आभार राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष महावीर शर्मा ने 750 नए पदों की घोषणा, 850 रिक्त पदों पर भर्ती, 3467 नए पद बनाने तथा प्रमोशन के अवसर बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन प्रदेश के करीब 8 लाख कर्मचारियों का नेतृत्व करता है और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान से कार्यक्षमता में बढ़ोतरी होगी। प्रदेशभर से पहुंचे अधिकारी संघ के प्रदेश महामंत्री शिवराज चौधरी ने बताया कि समारोह में भाग लेने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में ग्राम विकास अधिकारी जयपुर पहुंचे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और संघ के पदाधिकारी मुकेश दाधीच, जोगाराम, रमेश खटोटिया, प्रहलाद जाट, कृष्ण कुमार तोमर, बाबूलाल धाबाई, नेम सिंह मीणा, ओमप्रकाश भाकर, अशोक सुथार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।