किसान परिवार गेहूं की कटाई करने खेत पर गया थआ। गेहूं की पूलियां इकट्‌ठी करने के दौरान एक किसान को जंग लगा पुराना हैंड ग्रेनेड मिला। इसका वजन लगभग डेढ़ किलो है। हैंड ग्रेनेड मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मामला झुंझुनूं जिले के बिसाऊ थाना क्षेत्र के जीवण का बास गांव की है। गुरुवार दोपहर ग्रेनेड पाया गया। किसान ने बिसाऊ थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। बिसाऊ थाने से हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र, कॉन्स्टेबल महेंद्र सिंह, धनराज, नरेंद्र और ड्राइवर विजय सिंह मौके पर पहुंचे। टीम ने खेत और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी की। इसके बाद ग्रामीणों और पशुओं को घटनास्थल से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। टीम ने बम निरोधक दस्ते को हैंड ग्रेनेड की सूचना दी, ताकि इसे सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज (निष्क्रिय) किया जा सके। गेहूं की पूली के नीचे मिला जीवण का बास गांव में घांघू रोड पर किसान नूरे खां चायल के खेत में यह ग्रेनेड मिला। वर्तमान में खेत में किसान सिकंदर अली गांगियासर गेहूं की खेती कर रहा है। गुरुवार को खेत में फसल कटाई का काम चल रहा था। खेत में बाबू खां, मंगतू खां और उम्मेद खान सहित कई मजदूर कटाई के काम में लगे थे। प्रत्यक्षदर्शी सिकंदर ने बताया- गेहूं की एक पूली के नीचे एक मजदूर को धातु की वस्तु दिखी। पास जाकर देखा तो यह जंग लगा हैंड ग्रेनेड था। पहले गांव वालों को बताया। फिर तुरंत बिसाऊ पुलिस को सूचना दी ताकि कोई अनहोनी न हो। 10 मीटर तक धमाका करने में सक्षम मौके पर पहुंचे रिटायर्ड फौजी खुशी मोहम्मद ने ग्रेनेड की स्थिति देखी। उन्होंने बताया- भले ही ग्रेनेड करीब 10 साल पुराना और जंग लगा हुआ है। लेकिन यह अभी भी बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। इस तरह के हैंड ग्रेनेड फटने पर 10 मीटर तक के दायरे में भारी नुकसान कर सकते हैं। इसका वजन करीब 1 से 1.5 किलो और लंबाई 4 से 5 इंच है। फिलहाल पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि खेत के बीच हैंड ग्रेनेड कैसे पहुंचा। सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से इसकी जांच करेंगी।