राजस्थान में झुलसाने वाली गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। गर्मी को देखते हुए जयपुर में 8वीं क्लास तक के बच्चों के स्कूल का टाइम बदला गया है। 27 अप्रैल से स्कूल का टाइम सुबह 7.30 से 12 बजे तक रहेगा। चित्तौड़गढ़ में मंगलवार को सबसे ज्यादा गर्म दिन और बाड़मेर में सबसे गर्म रात रही। करीब 10 से ज्यादा जिलों में 40 डिग्री या उससे ज्यादा का तापमान दर्ज किया गया। जोधपुर में तेज गर्मी के कारण एक कॉलेज बस में आग लग गई। हालांकि, कुछ ही मिनटों में आग बुझा ली गई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में अगले 4-5 दिन मौसम साफ रहने और तापमान 2 डिग्री तक बढ़ने की आशंका जताई है। इस बीच 7 जिलों में 23 से 25 अप्रैल को हीटवेव की आशंका है। जोधपुर संभाग के जिलों में 22-23 अप्रैल को आंधी (20 से 30 Kmph) चलने की संभावना है। गर्मी की ये 3 तस्वीरें देखिए… ये शहर सबसे ज्यादा गर्म… चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री मंगलवार को सबसे ज्यादा गर्मी चित्तौड़गढ़ में रही, जहां का दिन का तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। वहीं, फलोदी में में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान करीब 28.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार के 10 से ज्यादा शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड हुआ। जयपुर सहित कई शहरों में उमस का भी असर रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी तेज गर्मी का दौर जारी रहेगा। आगे क्या… राजस्थान के प्रमुख शहरों में गर्मी का हाल जयपुर में रात में भी गर्मी बढ़ी राजधानी जयपुर में गर्मी के तेवर मंगलवार को भी तेज रहे। जयपुर में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में दिनभर तेज धूप रही और देर शाम को हल्की हवा चली। अजमेर में रात का तापमान एक डिग्री तक बढ़ा अजमेर में बुधवार को भी तेज गर्मी का असर है। बीते 24 घंटे में मिनिमम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया। जो कल से एक डिग्री अधिक रहा। तेज धूप के कारण सड़कों और बाजारों में कम आवाजाही रही। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री और न्यूनतम 26.3 डिग्री दर्ज किया गया था। कोटा में रात में भी तपन कोटा में तेज गर्मी दिन के साथ रात को भी सताने लगी है। मंगलवार दिन पारा 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात का तापमान 3 डिग्री बढ़कर 28.1 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। उदयपुर में गर्म हवा ने झुलसाया उदयपुर में मंगलवार दिन में तेज गर्मी का असर रहा। गर्म हवा के कारण सड़कों पर ट्रैफिक कम रहा। शहर के प्रमुख बाजारों में भी इन दिनों टूरिस्टों की कमी के कारण सन्नाटा है। वहीं, डबोक एयरपोर्ट मौसम केंद्र के अनुसार मंगलवार को अधिकतम 38.9 और न्यूनतम 19.5 से. तापमान रहा। जोधपुर में कॉलेज बस में गर्मी के कारण आग जोधपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, मंगलवार दोपहर को शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड एरिया में एक कॉलेज की बस में गर्मी के कारण आग लग गई। हालांकि, कोई जनहानि नहीं हुई। सीकर में भीषण गर्मी में डालेंगे वोट सीकर में तेज धूप के कारण मंगलवार दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धूप की तपिश को देखते हुए सीकर कलेक्ट्रेट परिसर में बार काउंसिल चुनाव के लिए टेंट लगाया गया है। ताकि वोटिंग के दौरान एडवोकेट्स को परेशानी न हो। अलवर में पानी सप्लाई को लेकर हंगामा अलवर में बढ़ती गर्मी के साथ पानी की किल्ल्त बढ़ने लगी है। कई एरिया में लोगों की शिकायत है पानी चार से पांच दिन में आ रहा है। सप्लाई बढ़ाने को लेकर शहर के एक जलदाय विभाग के ऑफिस में लोगों ने नारेबाजी भी की। वहीं, मंगलवार को अधिकतम तापमान 39.8 और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री रहा।