रेगिस्तानी बाड़मेर में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है। बाड़मेर लगातार तीसरे दिन भी प्रदेश में सबसे गर्म जिला रहा है। तापमान 46.4 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं, गर्मी सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ रही है। साल 2014 के बाद पहली बार 26 अप्रैल तक गर्मी का पारा 46.4 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने इस महीने में गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है। इधर हीटवेव के अलर्ट के बीच हॉस्पिटल प्रशासन ने हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए 18 बेड को रिजर्व किया है। फोटोज में देखे गर्मी… दरअसल, बाड़मेर में इन दिनों तेज गर्मी का दौर जारी है। रविवार को बाड़मेर में गर्मी ने पिछले 12 सालों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 46.4 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छू लिया। झुलसाने वाली लू और आसमान से बरसती आग ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रदेश में सबसे गर्म के साथ ही बाड़मेर की गर्मी ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए। सोमवार को सुबह सूरज की किरण निकलने के साथ के साथ गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया। वहीं रविवार को दोपहर 12 बजे तक तो सड़कों पर​ निकलना मुश्किल हो गया। भीषण गर्मी के कारण लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हुए। कूलर और पंखे भी गर्म हवा फेंक रहे हैं, जिससे राहत मिलना मुश्किल हो गया है। दिहाड़ी मजदूरों और फील्ड में काम करने वाले लोगों के लिए यह स्थिति खतरनाक है। मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल महीने के अंतिम दिन तक हीट वेव रहेगा। इस दौरान पारा 44 से 46 डिग्री के आसपास रहेगा। तापमान बढ़ने के साथ ही बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी से बचाव की सलाह दी गई है। हीट स्ट्रोक के लिए हॉस्पिटल में 18 बेड तैयार जिले का पारा 46.4 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के साथ ही हीट स्ट्रोक का खतरा मंडराने लगा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला अस्पताल प्रशासन ने हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। इमरजेंसी वार्ड के डे केयर सेंटर व न्यू टीचिंग बिल्डिंग स्थित मेल मेडिकल डी वार्ड में विशेष यूनिट तैयार की गई है। मरीजों के लिए हॉस्पिटल प्रशासन ने कुल 18 बेड रिजर्व किए हैं। डे-केयर सेंटर में 8 बेड लगाए गए हैं। यहां कूलर और पंखों की व्यवस्था की गई है। न्यू टीचिंग बिल्डिंग में 10 बेड सुरक्षित रखे गए हैं। मरीज का शारीरिक तापमान तुरंत कम करने के लिए इमरजेंसी वार्ड में बर्फ से भरे आइस बॉक्स रखे गए हैं। गर्मी ने 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ा अप्रैल में गर्मी ने 12 साल का रिकार्ड तोड़ा है। 26 अप्रैल 2025 को बाड़मेर में गर्मी का पारा 45.9 डिग्री था, जबकि इससे पहले 2024 में 42.4, 2023 में 41.2, 2022 में 45.2, 2021 में 43.8, 2020 में 43.0, 2019 में 44.2, 2018 में 45.4, 2017 में 45.8, 2016 में 45.4, 2015 में 44.6 और 2014 में 46.8 डिग्री रहा। 12 साल के इतिहास में 29 अप्रैल 2014 का दिन अब तक गर्म रहा है। हालांकि ऑल टाइम रिकार्ड 25 अप्रैल 1958 का है, जब अप्रैल में गर्मी का पारा 48.3 डिग्री था।