राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच बुधवार को सीकर, दौसा, बीकानेर और चूरू जिले में बारिश हुई। चूरू के सरदारशहर में आंधी, बारिश के साथ ओले भी गिरे। सीकर में आंधी के कारण कई इलाकों में पेड़ गिर गए। 20 मिनट बारिश से आधा इंच पानी बरसा। दौसा में तेज अंधड़ के साथ कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। मानपुर कस्बे के मिस्त्री मार्केट में दुकान के ऊपर लगा टीन शेड तेज हवा से सड़क पर गिर गया। अलवर में भी शाम को मौसम बदला और कई इलाकों में आंधी चली। अलवर जिले के माचड़ी गांव में आंधी से बिजली का खंभा गिर गया। गनीमत रही कोई हादसा नहीं हुआ। डीग शहर में सरकारी स्कूल में 12वीं क्लास की 4 छात्राएं टेस्ट देते समय गर्मी के कारण बेहोश हो गईं। उनको अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इससे पहले मंगलवार को लगातार तीसरे दिन बाड़मेर देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां दिन का तापमान 48.3 डिग्री तक पहुंच गया। ये सीजन का अब तक का सर्वाधिक टेम्प्रेचर है। यहां 31 साल में पहली बार मई के शुरुआती 12 दिनों में तापमान इस लेवल पर पहुंचा है। राजस्थान में मौसम से जुड़ी PHOTOS… गर्मी से जुड़े बड़े अपडेट्स 50 डिग्री पहुंचने की आशंका: रेगिस्तानी जिले बाड़मेर में दिन का तापमान 48 डिग्री को पार कर गया है। मौसम एक्सपर्ट को आशंका है कि कुछ दिनों में टेम्प्रेचर 50 डिग्री तक पहुंच सकता है। मंगलवार को दर्ज अधिकतम तापमान इस सीजन का सबसे ज्यादा टेम्प्रेचर है। देश के सबसे गर्म शहर बाड़मेर में बीते दो दिन में करीब दो डिग्री तक तापमान बढ़ा है। गर्मी का रेड अलर्ट जारी: मौसम विभाग ने इस सीजन में पहली बार भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। ये अलर्ट बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर के लिए है। यहां दोपहर के समय घर से न निकलने की भी एडवाइजरी जारी की गई है। कल भी इन जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी है। सभी शहरों में पारा 40 डिग्री से ऊपर: राजस्थान में मंगलवार को सभी शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने धूप से बचने, खुद को हाइड्रेट (बार-बार पानी पीने) रखने की सलाह दी है। पुलिसवालों को मिलेगी राहत: जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी समय बदला है। इसे दो शिफ्ट (सुबह 8 बजे से 12:30 बजे और शाम 4:30 बजे से 8:30 बजे तक) में किया है। वहीं, जालोर के भादराजून में भीषण गर्मी के कारण एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। राजस्थान में मौसम से जुड़ी PHOTOS…