राजस्थान सरकार के तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित "हीरोज ऑफ पॉलिटेक्निक 2.0" के दूसरे ऑनलाइन एपिसोड का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य सचिव, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा आईएएस कुलदीप रांका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कुलदीप रांका ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनने और समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उनके संबोधन ने युवा टेक्नोक्रेट्स को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक राजेश शर्मा ने बताया कि इस श्रृंखला का मुख्य उद्देश्य पॉलिटेक्निक के छात्रों को उन्हीं के बीच से निकले सफल पूर्व छात्रों से परिचित कराना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आज तकनीक तेजी से बदल रही है और छात्रों को इसके साथ कदम से कदम मिलाकर चलना होगा। इस एपिसोड के मुख्य आकर्षण अशोक कुमार पारीक रहे। एक दिव्यांग जन होने के बावजूद अशोक ने अपनी शारीरिक बाधाओं को कभी अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया। उनकी जीवन यात्रा ने सभी उपस्थित लोगों को प्रेरित किया। इस ऑनलाइन कार्यक्रम के सफल संचालन में आयोजन समिति के सदस्य डॉ. राजुल गोयल पूर्व प्रिंसिपल, इंजीनियर प्रशांत जोशी, प्रवक्ता, कंप्यूटर, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज बाड़मेर और सौरभ कुमार गौतम प्रवक्ता, इलेक्ट्रॉनिक्स, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज झालावाड़ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।