राजस्थान हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सोमवार सुबह हाईकोर्ट प्रशासन को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता (BDS) तुरंत मौके पर पहुंचे। सुरक्षा एजेंसियों ने करीब एक से डेढ़ घंटे तक पूरे कोर्ट परिसर में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन जांच में वहां कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए साइबर सेल की भी मदद ले रही है। पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां यह पहली बार नहीं है जब हाईकोर्ट को इस तरह का धमकी भरा मेल मिला हो। इससे पहले इसी साल फरवरी महीने में भी दो बार धमकी भरे मेल आ चुके हैं। हालांकि, हर बार की तरह इस बार भी धमकी भरा मेल मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई और सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन गनीमत रही कि जांच में कुछ नहीं मिला। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से मेल भेजने वाले आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रेस करने में जुटी है।