राजस्थान में मानसून 2 जुलाई को डूंगरपुर और बांसवाड़ा के रास्ते प्रवेश करेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 2 से 13 जुलाई तक डूंगरपुर, बांसवाड़ा सहित दक्षिणी राजस्थान में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से आगामी दिनों में क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून तेजी से पूर्वी राजस्थान की ओर बढ़ रहा है। अगले दो-तीन दिनों में यह डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ सहित दक्षिणी जिलों को पूरी तरह प्रभावित कर सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार 3 से 10 जुलाई के बीच मध्य प्रदेश की ओर से सक्रिय होने वाला एक अन्य मौसम तंत्र दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश की तीव्रता बढ़ा सकता है। इस अवधि में डूंगरपुर और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने के संकेत हैं। इस बार मानसून में अच्छी बारिश की उम्मीद से किसान उत्साहित हैं। वे बारिश शुरू होते ही खरीफ फसलों की बुवाई में जुट जाएंगे। किसान मुख्य रूप से मक्का, उड़द और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारी कर रहे हैं।