अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के पुराना राजगढ़ इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपनी ही 4 साल की मासूम बेटी की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद मां ने खुद के हाथ ब्लेड से काटकर आत्महत्या का प्रयास भी किया। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे बच्ची के पिता संतोष ने अपनी बेटी गरिमा को स्कूल भेजने के लिए उठाने की कोशिश की, लेकिन वह बेसुध पड़ी थी और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी। इसके बाद जब उसने अपनी पत्नी शीला (25) को देखा तो उसके हाथ ब्लेड से कटे हुए थे। यह देखकर परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत मां-बेटी को राजगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 4 साल की गरिमा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत में शीला को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी राजेश मीणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मां द्वारा ही हत्या करने का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि बच्ची के गले पर रस्सी के निशान मिले हैं और मां के हाथ किसी नुकीली वस्तु से कटे हुए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है और पंचनामा भरकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास के लोगों और परिवार से पूछताछ की जा रही है, हालांकि अभी तक घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला के दो बच्चे हैं, जिनमें मृतिका गरिमा छोटी थी, जबकि एक बेटा उससे बड़ा है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है और मां के होश में आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।