झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह ने अपनी जनसंवाद पद यात्रा के दौरान प्राप्त जन शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक विभाग संवेदनशीलता तथा जवाबदेही के साथ कार्य करे। सांसद दुष्यंत सिंह की मनोहरथाना एवं पिड़ावा ग्रामीण क्षेत्र में 9 से 13 अप्रैल तक आयोजित पाँच दिवसीय जनसंवाद पद यात्रा में आमजन से कई परिवेदनाएं प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों के निस्तारण एवं समीक्षा के संबंध में बुधवार को एक बैठक आयोजित की गई। जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बैठक में बताया कि यात्रा के दौरान कुल 648 परिवेदनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 179 शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा चुका है। वहीं, 237 शिकायतें निस्तारण की प्रक्रिया में हैं। शेष प्रकरण बजट आवंटन, राज्य स्तर से संबंधित अथवा न्यायालयों में लंबित हैं, जिन पर नियमानुसार कार्यवाही जारी है। बैठक में सर्वप्रथम जिले में पेयजल व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। सांसद सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले में पेयजल की पर्याप्त एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कहीं भी पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए तथा जलापूर्ति व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। सांसद ने पेयजल एवं सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण एवं रखरखाव कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किए जाएँ। उन्होंने किसान हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सिंचाई जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि कृषि गतिविधियाँ प्रभावित न हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीने एवं सिंचाई जलापूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसंवाद पदयात्रा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से विद्युत व्यवस्था में सुधार, बिजली बिल संबंधी समस्याएं, विद्युत लाइनों की मजबूती, टूटे हुए विद्युत पोल एवं तार बदलवाने, क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत, तीन तार फिटिंग तथा मीटर बिलों को जनआधार से जोड़ने जैसी कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इस पर सांसद सिंह ने निर्देश दिए कि जहां पोल एवं तार क्षतिग्रस्त हैं वहां तत्काल नए पोल एवं तार लगाए जाएं, कमजोर विद्युत लाइनों को सुदृढ़ किया जाए तथा खराब लाइनों की शीघ्र मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति सुचारू रखी जाए। बैठक में मनोहरथाना विधायक गोविंद रानीपुरिया, डग विधायक कालूराम मेघवाल, पूर्व आरपीएससी चेयरमैन श्याम सुंदर शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, एडिशनल एसपी भागचंद मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।