बाड़मेर में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार प्रशासक (सरपंच) और उनके चचेरे भाई की मौत हो गई। उनका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। एक्सीडेंट नेशनल हाईवे-68 (जैसलमेर-बाड़मेर) पर शिव थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 1 बजे हुआ। तीनों शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। गूंगा गांव के नजदीक पेट्रोल पंप के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय उनकी बाइक के सामने दूसरा वाहन आ गया। इससे बचने के प्रयास में ट्रक के सामने बाइक आ गई और टक्कर हो गई। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए। ट्रक में जीरा भरा हुआ था। देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS… घसीटते हुए गई बाइक, तीनों युवक सड़क पर गिरे SHO सत्यप्रकाश विश्नोई ने बताया- बाइक पर कानासर निवासी लक्ष्मण प्रसाद (25) पुत्र चेनाराम, उनका चचेरा भाई लक्ष्मण राम उर्फ लिच्छाराम (25) पुत्र पोकराराम और दोस्त उम्मेदाराम (25) पुत्र गोरखाराम सवार थे। गूंगा गांव में शादी समारोह में शामिल होकर कानासर में अपने घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक काफी दूर तक घसीटते हुए गई। बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए। लक्ष्मण प्रसाद और लक्ष्मण राम की मौके पर ही मौत हो गई। उम्मेदाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल उम्मेदाराम को एंबुलेंस की मदद से बाड़मेर हॉस्पिटल लेकर गए। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया। वहीं शवों को शिव हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। लक्ष्मण प्रसाद कानासर ग्राम पंचायत के सरपंच (प्रशासक) थे। लक्ष्मण राम मकान कारीगर था। ट्रक और बाइक जब्त पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। … एक्सीडेंट की यह खबर भी पढ़ें… स्कूल बस को घसीटता ले गया ट्रक,एक बच्चे की मौत,VIDEO:सीटों के नीचे फंसे मासूम, जेसीबी की मदद से घायलों को बाहर निकाला बाड़मेर में स्कूल बस को ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक करीब 50 फीट तक बस को घसीटता हुआ ले गया। एक्सीडेंट में घायल एक बच्चे की जोधपुर ले जाते हुए मौत हो गई। हादसे में 20 से ज्यादा बच्चे घायल हैं। (पूरी खबर पढ़ें)