सांसद हरीशचंद्र मीना ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सरकार ने ढाई साल के कार्यकाल में काम किया होता तो नगर निकाय चुनाव में पुलिस के बल पर चुनाव लड़ने की स्थिति नहीं बनती। उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। मीना सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित बैठक में शामिल हुए। बैठक में आगामी पंचायत चुनाव की रणनीति, उम्मीदवारों के चयन और संगठन की तैयारियों पर चर्चा की गई। ओला बोले- जीत के लक्ष्य के साथ उतरेगी पार्टी पंचायत चुनाव प्रभारी बृजेंद्र ओला ने कहा कि कांग्रेस आगामी पंचायत चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है। पार्टी जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट वितरण में उम्मीदवार की योग्यता और जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी जाएगी। पार्टी की ओर से जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवारों को ही टिकट दिया जाएगा। भाजपा नेताओं के बयानों पर उठाए सवाल सांसद हरीशचंद्र मीना ने कहा कि भाजपा खुद को विश्वगुरु की पार्टी बताती है, लेकिन उसके नेताओं के बयान सुबह कुछ और होते हैं और दिन में कुछ और। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के बयानों को ज्यादा गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। मीना ने भाजपा को अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं पर ध्यान देने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी होने का दावा करने वाली पार्टी के नेताओं को इस तरह के बयान देने से बचना चाहिए। CR-DR पदों के लिए आवेदन लिए बैठक के बाद कांग्रेस की ओर से CR और DR पदों के प्रत्याशियों के आवेदन भी लिए गए। पार्टी स्तर पर उम्मीदवारों के चयन और चुनावी तैयारियों को लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस दौरान टोंक प्रभारी एवं आमेर विधायक प्रशांत शर्मा, पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा, नगर परिषद सभापति मयंक गोयल सहित कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।