77वें राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के मौके पर जिला पुलिस द्वारा बुधवार को विविध कार्यक्रमों के साथ उत्सव का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिले के समस्त पुलिस कार्यालयों, थानों एवं पुलिस लाइन में एक दिवसीय स्वच्छता अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्यावर सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्टाफ ने परिसर में सफाई कर श्रमदान किया। सभी वृताधिकारियों ने अपने-अपने वृत कार्यालयों में तथा थानाधिकारियों ने थाना परिसरों में साफ-सफाई अभियान चलाया। रिजर्व पुलिस लाइन में संचित निरीक्षक के नेतृत्व में बैरकों एवं कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रिजर्व पुलिस लाइन ब्यावर में वॉलीबॉल मैच का भी आयोजन किया जा रहा है। वहीं, रात्रि में पुलिस थाना ब्यावर सिटी में पुलिस परिवार के बच्चों द्वारा नृत्य एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 'बड़ा खाना' का कार्यक्रम भी रखा गया है। 16 अप्रैल को मुख्य समारोह आयोजित होगा, जिसमें सेरेमोनियल परेड, रक्तदान शिविर और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम शामिल हैं। इसके पश्चात अजमेर रेंज की 27वीं बटालियन द्वारा भीलवाड़ा में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों और पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस मित्र और सीएलजी सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्यावर, भूपेन्द्र शर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।