राजस्थान पुलिस ने गुरुवार को अपना 77वां स्थापना दिवस मनाया। श्रीगंगानगर जिला पुलिस की ओर से रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित भव्य परेड और सम्मान समारोह में अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल देखने को मिली। जिले के 268 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभिन्न सेवा चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। लालगढ़ जाटान के कॉन्स्टेबल सुखविंद्र सिंह ने सादा वर्दी में नशेड़ियों तक गांव-गांव में पहुंचकर उन्हें पकड़ा है। एक साल में करीब 150 से अधिक नशा सप्लायर पकड़े हैं, जिसके कारण उन्हें सम्मनित किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया- 16 अप्रैल 1949 को स्थापित राजस्थान पुलिस आज गौरवमयी 77 वर्ष पूरे कर 78वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 14 से 16 अप्रैल 2026 तक जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें मुख्य आकर्षण सुबह 7 बजे रिजर्व पुलिस लाइन में हुई भव्य परेड रहा। लालगढ़ जाटान के कॉन्स्टेबल बलजिंद्र सिंह ने पिछले 1 साल में 80 एनडीपीएस, ड्रग्स तस्करी और हथियारों के खिलाफ कार्रवाइयां की है। परेड की सलामी जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने ली, जबकि परेड की कमान आरपीएस अधिकारी प्रियंका ने संभाली। जवानों ने मार्च पास्ट के दौरान शानदार अनुशासन का प्रदर्शन किया। 268 पुलिसकर्मियों को मिले सेवा चिन्ह समारोह के दौरान वर्ष 2025 के उत्कृष्ट कार्यों के लिए 268 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवा चिन्ह दिए गए। इनमें शामिल 47 को सर्वोत्तम सेवा चिन्ह, 87 को अति उत्तम सेवा चिन्ह और 134 को उत्तम सेवा चिन्ह से सम्मानित किया गया। समारोह के बाद रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अधिकारियों और जवानों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवीर प्रसाद, रामेश्वरलाल (रायसिंहनगर), भंवरलाल (त्वरित अनुसंधान इकाई), नीलम चौधरी (महिला अपराध अन्वेषण सेल), आईपीएस प्रशिक्षु ज्ञानेद्र भारती सहित जिले के सभी पुलिस उप अधीक्षक, थानाधिकारी, सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।