राजस्थान के बालोतरा में पचपदरा रिफाइनरी में सोमवार को सिस्टम फेलियर की वजह से आग लगी थी। प्रत्यक्षदर्शी इंजीनियर का कहना है- रिफाइनरी की 2 महत्वपूर्ण यूनिट में मशीनों के बीच फ्रिक्शन(घर्षण) हुआ। इससे चिंगारी निकली। इसके बाद कुछ ही मिनटों में यह भीषण आग में बदल गई। इसके बाद इमरजेंसी सायरन बजा और लंच कर रहा स्टाफ भागने लगा। सिक्योरिटी टीम अलर्ट हुई। मशीनों में ऑयलिंग ज्यादा थी, जिससे प्रोसेस प्लांट भभक उठा। यह सिस्टम में फेलियर था। टेक्निकल टीम से जुड़े इंजीनियर का कहना है -करीब 2 घंटे में आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन अगर आग ज्यादा फैलती तो रिफाइनरी की दो महत्वपूर्ण यूनिट तबाह हो सकती थी, जिससे करीब 10 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हो जाता। पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह का कहना है- हादसा बेहद गंभीर है। लंच टाइम होने के कारण वहां कोई कर्मचारी नहीं था। उस यूनिट में आग लगी, जहां कल (21 अप्रैल) उद्घाटन होने वाला था। यदि कल ये घटना होती तो ज्यादा नुकसान हो सकता था। आग क्यों लगी, इस पूरे मामले की जांच होगी। करीब तीन से चार महीने रिपेयरिंग में लगेंगे, उसके बाद ही उद्घाटन होना चाहिए। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी कल रिफाइनरी का उद्घाटन करने वाले थे, लेकिन हादसे के बाद उसे स्थगित कर दिया है। पहले देखिए 2 PHOTO अब जानिए- क्यों और कैसे लगी थी आग रिफाइनरी में क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट (VDU) दो सबसे महत्वपूर्ण यूनिट है। क्रूड ऑयल को रिफाइन करने का काम इन्हीं 2 यूनिट में होता है। इसके बाद उसे अलग- अलग प्रोसेसिंग प्लांट में सप्लाई किया जाता है। हादसे के प्रत्यक्षदर्शी इंजीनियर का कहना है- HPCL राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड में पाइप लाइन से आने वाला क्रूड ऑयल सबसे पहले CDU की यूनिट में सप्लाई होता है। रिफाइन प्रोसेस के बाद अलग-अलग यूनिट में सप्लाई किया जाता है। इसके बाद CDU से बचे कच्चे तेल को VDU यूनिट में भेजा जाता है, जहां से नए सिरे से तेल की रिफाइनिंग होती है। इसके बाद दूसरी यूनिट में सप्लाई किया जाता है। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे दोनों यूनिट की मशीनें प्रोपर तरीके से काम नहीं कर पाई। मशीनों की टेस्टिंग के दौरान उनमें घर्षण हुआ और इसी दौरान चिंगारी उठी। यही चिंगारी कुछ मिनटों में भीषण आग में बदल गई। इमरजेंसी अलर्ट के कारण सप्लाई रोकी गई, 2 घंटे में पाया काबू सेफ्टी टीम इंजीनियर का कहना है- आग का अलर्ट मिलते ही इमरजेंसी सेफ्टी सिस्टम एक्टिव हुआ और सायरन बजा। इसके बाद फायर सेफ्टी सिस्टम ऑटोमैटिकली एक्टिवेट हो गया। दोपहर 2 बजे स्टाफ के अधिकांश साथी लंच कर रहे थे, लेकिन धुआं उठने और सायरन की आवाज सुनाई देने पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। स्टाफ भागने लगा। इस दौरान मौजूद सिक्योरिटी स्टाफ ने सीधे अपने अधिकारियों को अलर्ट मैसेज भेजा। फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी गई। कल उद्घाटन कार्यक्रम के कारण जिला प्रशासन पहले से ही हाई अलर्ट मोड पर था। इसी कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत रिफाइनरी पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। रिफाइनरी की CDU और VDU यूनिट की पाइप लाइन में चल रही क्रूड ऑयल और रिफाइंड ऑयल की सप्लाई पूरी तरह रोक दी गई। अलर्ट होते ही दोनों यूनिट में मशीनरी के पास लगे वाटर फाउंटेन शुरू हो गए। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। 10 हजार करोड़ तक हो सकता था नुकसान रिफाइनरी में काम कर रहे एक इंजीनियर ने बताया कि पचपदरा रिफाइनरी में दुनिया का सबसे बड़ा 800 टन वजनी कंप्रेसर स्थापित किया गया है, जो इटली से लाया गया है। तकनीक के मामले में राजस्थान की पचपदरा रिफाइनरी दुनिया की सबसे आधुनिक रिफाइनरी में शामिल है। रिफाइनरी में CDU और VDU यूनिट सबसे अहम हिस्सा है। इन दोनों यूनिट की लागत रिफाइनरी की कुल लागत की करीब 8 से 12 प्रतिशत होती है। कंपनी के वरिष्ठ अधकारियों का कहना है- आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। मशीनों की फिर से टेस्टिंग की जाएगी, जिससे हादसों की जरा भी संभावना नहीं रहे। ये खबर भी पढ़िए… राजस्थान की रिफाइनरी से देश बनेगा एनर्जी सुपरपावर:एक्सपर्ट बोले- जामनगर और भटिंडा की तरह बनेगा नया पेट्रोकेमिकल हब, इकोनॉमिक मैप में आएगा नजर राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में बन रही देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड तेल रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल परियोजना अब अंतिम चरण में है। पूरी खबर पढ़िए रिफाइनरी के लिए अपनी ही सरकार से भिड़े थे विधायक, कहा था- जान दे दूंगा, शिफ्ट नहीं होने दूंगा; किसानों ने बीघा के 1 करोड़ मांगे थे बालोतरा के पचपदरा में 21 अप्रैल को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे, तो उसके साथ ही राजस्थान की सियासत का सबसे लंबा 'हाई-वोल्टेज ड्रामा' भी थम जाएगा। पढ़ें पूरी खबर...