सीकर में 72 साल के रिटायर्ड बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट करके 1.03 करोड़ रुपए ठगने का मामला सामने आया है। साइबर फ्रॉड गिरोह के लोगों ने 24 दिन तक बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट रखा। उन्हें वीडियो कॉल पर झूठी FIR और कोर्ट कार्यवाही भी दिखाई। अब बुजुर्ग ने साइबर पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। साइबर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। साइबर पुलिस थाने के DYSP जीवनलाल खत्री ने बताया कि परिवादी हनुमान सिंह निवासी टैगोर स्कूल,सीकर हैं। जिनकी उम्र 72 साल है और वह गुड़गांव में CA पद से रिटायर होकर वर्तमान में सीकर में रह रहे हैं। उनके पास 1 अप्रैल अनजान नंबरों से एक कॉल आया। जब वह अपने घर पर अकेले थे। इसके बाद व्हाट्सएप पर वॉइस कॉल आया, कॉल करने वाले ने खुद को बार-बार कभी ED,CBI और पुलिस का अधिकारी बताते हुए कहा कि तुम्हारे मोबाइल नंबर से महिलाओं को अश्लील और इलीगल मैसेज भेजे जा रहे हैं और कई बैंक अकाउंट है जिससे इलीगल ट्रांजैक्शन हुए हैं। साइबर ठगों ने उन्हें कहा कि तुम्हारे खिलाफ FIR भी दर्ज हैं। वीडियो कॉल पर FIR दिखाई गई और कोर्ट कार्यवाही दिखाई गई। जिससे बुजुर्ग हनुमान सिंह और भी ज्यादा डर गए। और मानसिक दबाव में आ गए। आरोपियों ने मुकदमा वापस लेने के नाम पर ठगी का खेल शुरू किया। आरोपियों ने उन्हें 4 अप्रैल से लेकर 27 अप्रैल तक डिजिटल अरेस्ट करके 1 करोड़ 3 लाख 81 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। DYSP जीवनलाल खत्री का कहना है कि फिलहाल मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टीगेशन शुरू कर दिया गया है।