जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में प्रैक्टिस सेशन के दौरान युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी लंबे-लंबे शॉट लगाते दिखे। उन्होंंने गुरुवार शाम को स्टेडियम में जमकर तैयारी की। राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल में शुक्रवार को मुकाबला होगा। इससे पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने नेट प्रैक्टिस में हिस्सा लिया और मैदान पर पूरी तरह मैच मोड में नजर आए। इस दौरान स्टेडियम मेंं दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई के बीच हंसी-मजाक का माहौल भी देखने को मिला। वहीं कुलदीप यादव, रियान पराग और यशस्वी जायसवाल भी नेट्स पर पसीना बहाते नजर आए। इस दौरान मीडिया से बातचीत में राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने रियान पराग से जुड़े विवाद पर कहा- इस तरह की बातें टीम की छवि पर अच्छा असर नहीं डालती। उन्होंंने कहा- इस मामले को बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया और फ्रेंचाइजी ने संभाल लिया है। फील्डिंग में उतार-चढ़ाव रहा राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने कहा- पिछले मुकाबलों में फील्डिंग में उतार-चढ़ाव रहा है। उन्होंने कहा- बल्लेबाजी और गेंदबाजी के साथ फील्डिंग भी मैच जिताने में अहम भूमिका निभाता है। आसान कैच छोड़ने से मैच का रुख बदल सकता है, इसलिए टीम फील्डिंग स्टैंडर्ड को और बेहतर करने पर काम कर रही है। दिल्ली कैपिटल्स के कोच बोले- वैभव के खिलाफ बनाई रणनीति दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच मुनाफ पटेल ने कहा- टीम ने वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ खास रणनीति बनाई है। उन्होंने कहा- कोशिश होगी कि उन्हें जल्दी आउट कर शुरुआती ओवरों में बढ़त बनाई जाए। उन्होंने मिचेल स्टार्क की वापसी को टीम के लिए बड़ा प्लस पॉइंट बताया और कहा कि इससे गेंदबाजों का आत्मविश्वास बढ़ा है। मुनाफ पटेल ने कहा- भले ही मैच बल्लेबाज जिताते हैं, लेकिन टूर्नामेंट जीतने के लिए मजबूत गेंदबाजी जरूरी होती है। उन्होंने संकेत दिया कि टीम संतुलन बनाए रखते हुए मैदान में उतरेगी और प्लेइंग-11 में केवल जरूरत के हिसाब से ही बदलाव किए जाएंगे। मुकाबले से पहले दोनों टीमों की तैयारियों और कोचों के बयानों से साफ है कि सवाई मानसिंह स्टेडियम में होने वाला यह मैच हाई वोल्टेज होने वाला है। एक तरफ राजस्थान अपनी घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाना चाहेगी। वहीं दिल्ली कैपिटल्स मजबूत गेंदबाजी के दम पर जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी। ऐसे में दर्शकों को रोमांचक मुकाबला देखने को मिलना तय है।