राजस्थान शिक्षा विभाग की ओर से जारी शिविरा पंचांग-2026 में नवंबर माह की शैक्षिक, सांस्कृतिक और सह-शैक्षिक गतिविधियों का कैलेंडर निर्धारित किया गया है। इसके अनुसार 4 से 15 नवंबर तक मध्यावधि अवकाश रहेगा, जबकि कक्षा 9 से 12 की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं और दक्षता आधारित आकलन 25 नवंबर से 7 दिसंबर तक आयोजित होंगे। इसी दौरान 27 और 28 नवंबर को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मेलन भी प्रस्तावित है। परीक्षाओं और सम्मेलन की तिथियों में अंतर कम होने के कारण शिक्षक संघ रेसटा, राजस्थान ने सम्मेलन की तारीखों में बदलाव की मांग की है। शिक्षक संघ रेसटा, राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने राज्य सरकार और शिक्षा विभाग से शिक्षक सम्मेलन की तिथियों पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का कार्यक्रम तय करते समय विद्यालयों की शैक्षिक गतिविधियों, अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं और शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखा जाना चाहिए, ताकि परीक्षा संचालन और सम्मेलन में शिक्षकों की सहभागिता प्रभावित न हो। 4 से 15 नवंबर तक मध्यावधि अवकाश शिविरा पंचांग के अनुसार 4 से 15 नवंबर तक मध्यावधि अवकाश निर्धारित किया गया है। पंचांग में 8 नवंबर को दीपावली, 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 11 नवंबर को भाई दूज का अवकाश है। वहीं, 11 नवंबर को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस तथा 14 नवंबर को बाल दिवस और पंडित जवाहरलाल नेहरू जयंती के अवसर पर संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 18 से 21 नवंबर तक राज्य स्तरीय विज्ञान मेला शिक्षा विभाग के कार्यक्रम के अनुसार 18 से 21 नवंबर तक आरएससीईआरटी के माध्यम से राज्य स्तरीय विज्ञान मेले का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 19 से 25 नवंबर तक समरसता सप्ताह मनाया जाएगा। 21 नवंबर को कालिदास जयंती के अवसर पर गतिविधियों के साथ द्वितीय अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम-II) और विद्यालय स्तर पर सामुदायिक बाल सभा आयोजित की जाएगी। परीक्षाओं के बीच सम्मेलन की तारीखों पर आपत्ति शिक्षा विभाग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 9 से 12 की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं और दक्षता आधारित आकलन 25 नवंबर से 7 दिसंबर तक होंगे। इसी दौरान 27 व 28 नवंबर को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मेलन प्रस्तावित है। ऐसे में शिक्षकों के सामने परीक्षा संबंधी जिम्मेदारियों और सम्मेलन में भागीदारी के बीच तालमेल बैठाने की चुनौती आ सकती है। मोहर सिंह सलावद ने कहा- शिक्षक सम्मेलन शैक्षिक समस्याओं, विभागीय विषयों और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच है। इसलिए इसकी तारीख ऐसी होनी चाहिए, जिससे शिक्षक बिना किसी असुविधा के सम्मेलन में शामिल हो सकें और विद्यालयों में परीक्षाओं का संचालन भी सुचारु रूप से हो। उन्होंने शिक्षा विभाग से शिक्षक संगठनों के साथ संवाद कर 27 और 28 नवंबर के सम्मेलन को अन्य उपयुक्त तारीखों पर आयोजित करने का निर्णय लेने की मांग की। उनके अनुसार, इससे शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ विद्यार्थियों की परीक्षाओं और विद्यालयों की शैक्षिक व्यवस्था को भी व्यवस्थित बनाए रखने में मदद मिलेगी। 26 नवंबर को मनाया जाएगा संविधान दिवस शिविरा पंचांग के अनुसार 26 नवंबर को राष्ट्रीय संविधान दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को मतदान के संवैधानिक अधिकार और नैतिक मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। इससे जुड़ी गतिविधियां निर्वाचन विभाग और शिक्षा विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित होंगी। नवंबर के अंतिम सप्ताह में प्राथमिक कक्षाओं का आकलन पंचांग के अनुसार कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों का द्वितीय योगात्मक आकलन नवंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। इसमें लगभग 35 प्रतिशत पाठ्यक्रम शामिल रहेगा। इसके अतिरिक्त माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान की एकल पुत्री-द्विपुत्री पुरस्कार योजना और कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) की मार्गदर्शिका के अनुसार ‘शब्दों के खेल’ गतिविधि का भी उल्लेख किया गया है। शिक्षक संघ रेसटा, राजस्थान ने शिक्षा विभाग से नवंबर और दिसंबर की शैक्षिक गतिविधियों, अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं और शिक्षक सम्मेलनों की तारीखों में समन्वय स्थापित करने का आग्रह किया है, ताकि शिक्षकों की सहभागिता के साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा व्यवस्था भी प्रभावित न हो।