सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा-2021 पेपरलीक मामले में एसओजी ने फरार चल रहे 25 हजार के इनामी असिस्टेंट प्रोफेसर मनोहर लाल मांजू को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पेपरलीक के सरगना जगदीश विश्नोई के साथ मिलकर परीक्षा की दोनों पारियों के पेपर सॉल्व किए थे। एसओजी ने सिरोही पुलिस की मदद से आरोपी को पिंडवाड़ा 25 अक्टूबर को हिरासत में लिया था। एसओजी ने आरोपी को 25 अक्टूबर को जयपुर में कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 28 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। एसओजी ने मंगलवार को मामले का खुलासा किया। आरोपी मनोहर लाल मांजू (28) गायणों की ढाणी डीगांव करड़ा, जालोर का रहने वाला है। आरोपी की वर्तमान में पोस्टिंग सिरोही के सेठ मंगलचंद सरकारी कॉलेज आबूरोड में थी। एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि जांच में सामने आया कि 14 सितंबर 2021 को एसआई भर्ती परीक्षा की दोनों पारियों के पेपर एग्जाम से पहले जयपुर के शांति नगर, हसनपुरा स्थित रविंद्र बाल भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र से लीक किए गए थे। एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया- ओमप्रकाश ढाका से हुए सौदे के तहत लीक हुए दोनों पेपर जयपुर के रंगोली गार्डन स्थित फ्लैट में मनोहर लाल मांजू ने अन्य पेपर सॉल्वर प्रवीण विश्नोई, प्रवीण परावा, राजीव विश्नोई और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर सॉल्व किए थे। इसके बाद जगदीश विश्नोई ने सॉल्व किए गए पेपर परीक्षा से पहले वॉट्सएप के जरिए अपने संपर्कों को भेजे। इन लोगों ने अभ्यर्थियों से सौदा कर उन्हें पेपर पढ़वाए, जिससे कई अभ्यर्थी एसआई एग्जाम के रिटन में पास हो गए। कोर्ट ने मांजू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट किया था जारी एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया- आरोपी मनोहर लाल मांजू गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया था। कोर्ट ने 22 अप्रैल 2025 को उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। एसओजी ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। अब तक 157 आरोपी गिरफ्तार एसओजी के मुताबिक, मामले में अब तक कुल 157 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जगदीश विश्नोई के खिलाफ और राजीव विश्नोई, प्रवीण विश्नोई और ओमप्रकाश ढाका के खिलाफ पूरक चार्जशीट कोर्ट में पेश की जा चुकी है। मामले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए… SI भर्ती परीक्षा पेपरलीक केस में एक और आरोपी गिरफ्तार:अभ्यर्थियों को एग्जाम से पहले पढ़ाया था लीक सॉल्वड पेपर, आरोपी ने हैंडलर के रूप में किया काम राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपरलीक केस में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी सुनील भादू(30) ने पेपर लीक गिरोह के सदस्य भूपेंद्र सारण और सुरेश ढाका के साथ मिलकर परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को लीक हुआ सॉल्वड पेपर पढ़ाया था। (पूरी खबर पढ़ें…)