राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपरलीक केस में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी सुनील भादू(30) ने पेपर लीक गिरोह के सदस्य भूपेंद्र सारण और सुरेश ढाका के साथ मिलकर परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को लीक हुआ सॉल्वड पेपर पढ़ाया था। जांच के अनुसार, आरोपी ने इस पूरे मामले में हैंडलर की भूमिका निभाई थी। एसओजी ने आरोपी को 15 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। उसे कोर्ट में पेश कर 17 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड मिला था। अब कल फिर आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले में आरोपी ने हैंडलर के रूप में किया काम एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि सुनील भादू निवासी भादुओं की ढाणी, हेमागुड़ा, थाना झाब, जिला जालोर का नाम एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में सामने आया था। अनुसंधान में सामने आया कि सुनील ने पेपर लीक गिरोह के सदस्य भूपेंद्र सारण और सुरेश ढाका के साथ हैंडलर के रूप में काम किया। आरोपी वर्तमान में जोधपुर में अभियोजन उपनिदेशक कार्यालय में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत है। आरोप है कि सुनील ने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले लीक सॉल्वड पेपर पढ़ाया। इससे योग्य अभ्यर्थी चयन से वंचित रह गए, जबकि कथित तौर पर अयोग्य अभ्यर्थियों ने अनुचित तरीके से चयनित होकर लाभ प्राप्त किया। इस मामले में भूपेंद्र सारण को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इस मामले में अब तक कुल 156 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। --------- मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… SI-भर्ती परीक्षा का 7 लाख में खरीदा पेपर,149 अंक आए:दूसरे ने 20 लाख देकर हासिल किए 154 नंबर: दो और अभ्यर्थी गिरफ्तार राजस्थान एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में SOG ने दो और अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने पेपर लीक गिरोह से परीक्षा से पहले सॉल्व पेपर पढ़कर लिखित परीक्षा दी थी। (पूरी खबर पढ़ें…)